Wednesday, April 1, 2026
HomeराजनीतिBengal Election 2026: ‘दिनदहाड़े वोट चोरी’, अभिषेक बनर्जी का बड़ा आरोप, BJP...

Bengal Election 2026: ‘दिनदहाड़े वोट चोरी’, अभिषेक बनर्जी का बड़ा आरोप, BJP बोली-चुनाव से पहले हार मान ली


Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सियासत अब सीधे “वोट बनाम साजिश” के आरोपों तक पहुंच गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म यानी Form-6 में “बड़ी गड़बड़ी” पकड़ी गई है. उनका आरोप है कि यह सब दिनदहाड़े हो रहा है और इसका मकसद चुनाव को प्रभावित करना है.

दिनदहाड़े चोरी पकड़ी गई
अभिषेक बनर्जी ने कहा, “चोरी पकड़ी गई है. मैंने एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें साफ दिख रहा है कि CEO के दफ्तर में Form-6 के बक्से भरे पड़े हैं. दिनदहाड़े चोरी हो रही है.” उन्होंने दावा किया कि एक ही दिन में करीब 30,000 फॉर्म जमा किए गए, जो कथित तौर पर बंगाल के मतदाताओं के नहीं हैं. उनके मुताबिक, चुनाव आयोग के नियम के तहत कोई भी व्यक्ति 50 से ज्यादा Form-6 जमा नहीं कर सकता, फिर इतनी बड़ी संख्या में फॉर्म कैसे जमा हुए,यह बड़ा सवाल है.

बंगाल में भी वही खेल?
अभिषेक ने आरोप को और आगे बढ़ाते हुए कहा, “इसी तरह BJP ने महाराष्ट्र और हरियाणा में जीत हासिल की. दिल्ली में वोट चोरी की गई. अब बंगाल में भी वही करने की कोशिश है.” उन्होंने चुनाव आयोग से CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग भी की है.

SIR पर भी घमासान
TMC का आरोप सिर्फ Form-6 तक सीमित नहीं है. पार्टी का कहना है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के जरिए बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने कहा, “ECI और BJP ने मिलकर ऐसा माहौल बना दिया है जो इमरजेंसी जैसा लगता है. लाखों वोटर के नाम सूची से हटा दिए गए हैं.” आंकड़ों के मुताबिक, SIR के बाद बंगाल में मतदाताओं की संख्या 7.66 करोड़ से घटकर करीब 7.04 करोड़ रह गई यानी 61 लाख से ज्यादा नामों में बदलाव हुआ.

BJP का पलटवार, ‘सब राजनीति’
इन आरोपों पर BJP ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. पार्टी नेता राहुल सिन्हा ने कहा,“अभी तक सिर्फ 30,000 लोगों ने ही जवाब दिया है, इससे इन्हें डर क्यों लग रहा है? कोई सबूत तो लाएं. ये लोग सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने के लिए ऐसा कर रहे हैं… चुनाव से पहले ही हार मान ली है.” वहीं केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी TMC पर आरोप लगाया कि राज्य में “डर और दबाव” का माहौल बनाया जा रहा है.
 
चुनाव आयोग अब इस पूरे मामले में क्या रुख अपनाता है, इस पर सबकी नजर है. TMC सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कर रही है, जबकि BJP इसे “राजनीतिक ड्रामा” बता रही है. 

यह घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है और 4 मई को नतीजे आएंगे. 294 सीटों वाली विधानसभा में इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ TMC और BJP के बीच माना जा रहा है. 2021 में हुए पिछले चुनाव में TMC ने 213 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस और वाम दल खाता भी नहीं खोल पाए थे. मतदान से पहले यह विवाद और गहराने के संकेत दे रहा है और लगातार हो रही हिंसा ने चुनावी माहौल को और संवेदनशील बना दिया है.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments