वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। खासतौर पर चांदी में करीब 5 प्रतिशत की बड़ी तेजी देखने को मिली, जबकि सोना भी मजबूती के साथ ऊंचे स्तर पर बंद हुआ। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, चांदी 11,250 रुपये यानी 4.89 प्रतिशत उछलकर 2,41,250 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई। इससे पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 4,900 रुपये यानी 3.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। इससे पहले यह 1,44,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कैसा रहा रुझान
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी यही रुख देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड करीब 2 प्रतिशत बढ़कर 4,556.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी भी लगभग 2 प्रतिशत की तेजी के साथ 72.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
एक्सपर्ट की राय
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने कीमती धातुओं को सहारा दिया है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि इन कारकों के चलते घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में हाल के सत्रों में मजबूत रिकवरी देखने को मिली है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। इससे डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, जिसका सीधा फायदा सोने की मांग को मिला।
वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने ईरान को 15 बिंदुओं का प्रस्ताव दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की संभावना जताई जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संभावित समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। हालांकि, ईरान ने फिलहाल किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया है। इस बीच, होरमुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कुछ व्यावसायिक जहाजों पर ईरान द्वारा ट्रांजिट शुल्क लगाए जाने की खबरों ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता को बरकरार रखा है।


