Tuesday, March 17, 2026
HomeराजनीतिRajya Sabha Election Result 2026: राज्यसभा चुनाव में विपक्ष को तगड़ा झटका!...

Rajya Sabha Election Result 2026: राज्यसभा चुनाव में विपक्ष को तगड़ा झटका! बिहार में NDA ने जीतीं सभी 5 सीटें, ओडिशा में क्रॉस वोटिंग से हो गया बड़ा खेल


राज्यसभा चुनाव में विपक्ष को बड़ा झटका लगा है. 11 राज्यसभा सीटों के लिए हुए सोमवार (16 मार्च 2026) को वोटिंग हुई थी. इस दौरान बिहार में 5, ओडिशा में 4 और हरियाणा में दो सीटों पर मतदान हुआ. बिहार और ओडिशा में विपक्षी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने में सफल नहीं रहे, जिसका फायदा NDA को मिला. बिहार में 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में थे. इनमें 5 उम्मीदवार NDA  से और एक उम्मीदवार विपक्षी गठबंधन महागठबंधन से था.

NDA ने सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की. जीतने वाले उम्मीदवारों में नीतीश कुमार, नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश राम शामिल हैं. राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 41 वोट जरूरी थे. 243 सदस्यीय विधानसभा में NDA के पास 202 विधायक हैं, जिससे उसे 5 वीं सीट के लिए 3 वोट कम पड़ रहे थे. महागठबंधन के पास 35 विधायक थे और उन्हें जीत के लिए 6 अतिरिक्त वोटों की जरूरत थी.

विपक्षी उम्मीदवार A. D. सिंह को लगा झटका

AIMIM के 5 और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक के समर्थन के बाद विपक्षी उम्मीदवार A. D. सिंह की जीत की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन आखिरी समय में विपक्ष के 4 विधायक, जिनमें 3 कांग्रेस और 1 राजद विधायक शामिल थे वोट डालने नहीं पहुंचे. पहली वरीयता के वोटों में फैसला नहीं होने के बाद दूसरी वरीयता की गिनती हुई, जिसमें भाजपा के शिवेश राम ने जीत हासिल कर ली. इसके बाद महागठबंधन ने भाजपा पर विधायकों को डराने-धमकाने और खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया.

ओडिशा में क्रॉस वोटिंग से बदला चुनाव

ओडिशा में 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार मैदान में थे और जीत के लिए 30 वोट जरूरी थे. यहां भाजपा के मनमोहन सामल और सुजीत कुमार ने जीत दर्ज की. बीजू जनता दल के संतरूप मिश्रा भी जीतने में सफल रहे.  सबसे बड़ा उलटफेर तब हुआ जब भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे ने भी जीत दर्ज कर ली. 147 सदस्यीय विधानसभा में बीजद और कांग्रेस के पास अपने संयुक्त उम्मीदवार दत्तेश्वर होता को जिताने के लिए पर्याप्त वोट थे, लेकिन बीजद के 8 और कांग्रेस के 3 विधायकों ने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर दिलीप रे के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी. इसके बाद नवीन पटनायक ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया और बागी विधायकों पर कार्रवाई की बात कही.

हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट

हरियाणा में 2 सीटों के लिए मतदान हुआ, लेकिन वोटिंग की गोपनीयता भंग होने की शिकायतों के कारण मतगणना करीब 5 घंटे तक रुकी रही. अंत में भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध ने एक-एक सीट जीत ली. निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा. मतों की गिनती में संजय भाटिया को 31, कर्मवीर बौद्ध को 28 और सतीश नांदल को 27 वोट मिले. कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध को एक वोट से जीत मिली.

26 सीटों पर निर्विरोध जीत

भारत के चुनाव आयोग ने पिछले महीने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की थी. इनमें से 7 राज्यों की 26 सीटों पर केवल एक ही उम्मीदवार होने के कारण मतदान नहीं हुआ और वे निर्विरोध चुने गए. इनमें शरद पवार, अभिषेक मनु सिंघवी, रामदास अठावले और तिरुचि शिवा जैसे नेता शामिल हैं.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments