उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव में नामांकन किए जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने हालिया सियासी परिस्थिति को अपहरण और फिरौती से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखी प्रतिक्रिया दी.
सोशल मीडिया साइट एक्स पर अखिलेश ने लिखा कि बिहार के इतिहास का सबसे बड़ा अपहरण! ये दिखने में राजनीतिक अपहरण है, लेकिन दरअसल ये बिहार का आर्थिक अपहरण है. भाजपा ने तो फिरौती में पूरा बिहार मांग लिया. अगला नंबर… समझदार को इशारा काफ़ी.
इससे पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर आरोप लगाया कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को खत्म करने की साजिश रच रही है. तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने से संबंधित घटनाक्रम पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने नारा दिया था – ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’.


