
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स ने 2026 के लिए ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों में भारतीय पासपोर्ट के लिए अजीबो-गरीब परिस्थितियां दिखाई दे रही हैं। जी हां, हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की ताजा रिपोर्ट में भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में सीधे-सीधे 10 स्थानों का फायदा हुआ है। साल 2025 के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट की लिस्ट में भारतीय पासपोर्ट 85वें स्थान पर था, जो इस साल 75वें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि, रैंकिंग में 10 स्थानों के सुधार बावजूद भारतीयों को वीजा-फ्री एंट्री देने वाले देशों की लिस्ट में 2 नाम और घट गए हैं।
56 देशों में वीजा-फ्री एंट्री कर सकते हैं भारतीय नागरिक
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय नागरिक अब 56 देशों में वीजा-फ्री एंट्री कर सकते हैं, जो इस साल जनवरी में 55 था। हालांकि, पिछले साल 2025 में भारतीय नागरिक कुल 57 देशों में वीजा-फ्री एंट्री कर सकते थे। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ताकतवर पासपोर्ट की लिस्ट में भारतीय पासपोर्ट इस साल जनवरी में 80वें स्थान पर था, जो सिर्फ 1 महीने के अंतराल में 5 स्थानों के सुधार के साथ 75वें स्थान पर आ गया।
किस हिसाब से तय की जाती है पासपोर्ट की रैंकिंग
बताते चलें कि हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 227 अलग-अलग ट्रैवल डेस्टिनेशन के 199 पासपोर्ट को इस आधार पर रैंक करता है कि उनके होल्डर डिपार्चर से पहले बिना वीजा कितनी जगहों तक पहुंच सकते हैं। ये रैंकिंग इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के डेटा पर आधारित है और इसकी स्कोरिंग मेथडोलॉजी में वीजा-फ्री, वीजा-ऑन-अराइवल और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन शामिल हैं। आसान भाषा में कहें तो आप बिना एडवांस पेपरवर्क किए जितने ज्यादा देशों में एंट्री कर सकते हैं, आपके पासपोर्ट का मोबिलिटी स्कोर उतना ही मजबूत होता है।
ईरान और बोलीविया ने बंद की वीजा-फ्री एंट्री
भारतीय पासपोर्ट होल्डरों के लिए जिन दो देशों ने वीजा-फ्री एंट्री रोक दी है, उनमें ईरान और बोलीविया के नाम शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने नवंबर 2025 में आम भारतीय पासपोर्ट होल्डर्स के लिए अपनी वीजा-फ्री एंट्री रोक दी थी। ये फैसला भारतीय नागरिकों से जुड़े धोखाधड़ी और ट्रैफिकिंग के कई मामलों के बाद आया, जिन्हें कथित तौर पर झूठे जॉब ऑफर देकर इस्लामिक रिपब्लिक में फुसलाया गया और फिर फिरौती के लिए किडनैप कर लिया गया। 2026 में, बोलीविया ने भारतीय यात्रियों के लिए ई-वीजा सिस्टम शुरू कर दिया। एप्लिकेंट्स को अब ऑनलाइन अप्लाई करना होगा, डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे और जाने से पहले अप्रूवल लेना होगा।


