
वैश्विक तनाव और ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार सोमवार को सपाट खुला। सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर एक समय बीएसई सेंसेक्स 39.3 अंक की बढ़त के साथ 74,603.22 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। इसी समय, एनएसई का निफ्टी 22.9 अंक की मामूली बढ़त के साथ 23,174 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, HDFC बैंक और ITC सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनियों में शामिल थीं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस, ट्रेंट और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज उन प्रमुख कंपनियों में शामिल थीं, जिन्हें सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
निफ्टी पर इन स्टॉक्स में दिखी हलचल
शुरुआती सत्र में निफ्टी पर सबसे ज्यादा बढ़त बनाने वाली कंपनियों में ग्रासिम इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, सिप्ला और टाटा स्टील शामिल रहीं, जबकि नुकसान उठाने वाली कंपनियों में श्रीराम फाइनेंस, भारती एयरटेल, कोल इंडिया, ओएनजीसी और ट्रेंट थे।

निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1% गिर गया, जबकि मिडकैप इंडेक्स में 0.5% की गिरावट दर्ज हुई। सेक्टोरल स्तर पर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस, पावर, रियल्टी, पीएसयू बैंक और मीडिया सेक्टर में 0.5% से 1% तक की कमजोरी देखी गई।
एक्सपर्ट की राय
लाइवलांग वेल्थ के रिसर्च एनालिस्ट और संस्थापक, हरिप्रसाद के. ने कहा कि पूरे हफ्ते बाजार की दिशा पर पश्चिम एशिया में हो रहे भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का गहरा असर पड़ने की उम्मीद है। ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव ने ऊर्जा बाजारों को प्रभावित किया है और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले शिपिंग मार्गों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिससे कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और जोखिम को लेकर निवेशकों का नज़रिया कमज़ोर बना हुआ है।
एशियाई मार्केट और कच्चा तेल
एशियाई बाजारों में मिक्स्ड ट्रेंड देखने को मिला। साउथ कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्की 225 और शंघाई का SSE कंपोजिट इंडेक्स नीचे बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स ऊपर रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नीचे बंद हुआ। इधर, वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1% बढ़कर 104.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


