रेमंड्स ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम हरि सिंघानियां मालदीव में हुए एक स्पीडबोट हादसे में घायल हो गए हैं। उनके प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और फिलहाल वह मुंबई में स्वस्थ हो रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार तड़के मालदीव के V Felidhoo के पास हुआ, जहां पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट अचानक पलट गई। सिंघानिया भी उसी नाव में सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, इस दुर्घटना में दो भारतीय नागरिक लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें रैली ड्राइवर हरि सिंह भी शामिल हैं। उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे के दौरान पांच लोग समुद्र में बह गए
खबर के मुताबिक, घटना की पुष्टि करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था, जिसमें गौतम सिंघानिया को हल्की चोटें आई हैं। वह मुंबई में उचित देखभाल के बीच रिकवर कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे सभी प्रभावित लोगों के सुरक्षित होने की कामना करते हैं और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पीडबोट में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें यूनाइटेड किंगडम और रूस की दो महिलाएं और भारत के पांच पुरुष शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे के दौरान पांच लोग समुद्र में बह गए, जिनमें रूस की एक महिला और चार भारतीय पुरुष शामिल हैं।
बीते साल कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किए गए थे
गौतम हरि सिंघानिया को बीते साल परिधान कंपनी रेमंड लाइफस्टाइल का कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया गया था। कंपनी के शेयरधारकों ने नियुक्ति प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। कंपनी अधिनियम 2013 के अनुसार किसी विशेष प्रस्ताव को बहुमत से पारित किया जाना आवश्यक है, अर्थात कम से कम 75 प्रतिशत सदस्यों द्वारा इसके पक्ष में मतदान किया जाना अनिवार्य है। एजीएम के लिए ऑनलाइन माध्यम मतदान बुधवार को संपन्न हुआ। रेमंड लाइफस्टाइल के प्रवक्ता ने कहा कि रेमंड लाइफस्टाइल के शेयरधारकों ने पूर्ण विश्वास दिखाया है और गौतम हरि सिंघानिया को कंपनी का चेयरमैन और सुनील कटारिया को प्रबंध निदेशक चुना था।


