नीतीश सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार (21 मार्च) को यह स्पष्ट कर दिया कि बिहार में पंचायत चुनाव तय समय पर ही होंगे और परिसीमन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रमुख और उप-प्रमुख के चुनाव पहले की तरह ही मौजूदा व्यवस्था के तहत होंगे.
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने यह भी बताया कि वर्ष 2026 के पंचायत चुनावों के लिए नया आरक्षण रोस्टर लागू किया जाएगा. जिससे समाज के सभी वर्गों को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सके. गया में आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था लंबे समय से चल रही है और अब इसे और संतुलित बनाने की जरूरत है.
मंत्री ने पंचायत सरकार भवन का किया निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, अपने गया दौरे के दौरान दीपक प्रकाश ने टंकुप्पा ब्लॉक के बरसाउना गांव में एक विवादित पंचायत सरकार भवन के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. यह निर्माण कार्य स्थानीय विरोध के कारण रुका हुआ था. मंत्री ने अधिकारियों के साथ जमीन से जुड़े दस्तावेजों की समीक्षा की और निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कर तेजी लाने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़िए- Bihar News: ‘नीतीश जी के जाने के बाद बिहार…’, ईद पर पटना के गांधी मैदान में पहुंचे स्थानीय ने ये क्या कह दिया?
नीतीश कुमार के हाथ में ही रहेगी बिहार का नेतृत्व- मंत्री
गया के सर्किट हाउस में राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मंत्री दीपक प्रकाश कहा कि राज्य में नेतृत्व को लेकर जो अटकलें चल रही हैं, उन पर सही समय पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. उन्होंने दोहराया कि बिहार का नेतृत्व नीतीश कुमार के हाथ में ही रहेगा और राज्य के विकास का श्रेय उनके सुशासन को जाता है.
ईद के मौके पर पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार सरकारी कार्यों में व्यस्त थे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निशांत कुमार की मौजूदगी को किसी राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.
ये भी पढ़िए- बिहार में नई सरकार से पहले ललन सिंह से क्यों मिलने पहुंचे निशांत कुमार? कहा- ‘उनसे मिलकर…’


