Stocks to Watch on Monday: भारतीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार, 6 फरवरी को तेजी देखने को मिली थी. दोनों ही प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 हरे निशान पर ट्रेड करते हुए दिन की समाप्ति की थी.
आज से नए हफ्ते की शुरुआत हो रही है. ऐसे में कुछ कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर हो सकती है. आइए जानते हैं, ऐसे ही कुछ चुनिंदा स्टॉक्स के बारे में….
कल्याण ज्वेलर्स शेयर
हाल के तिमाही नतीजों में कल्याण ज्वेलर्स ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा हैं. कंपनी की बिक्री और मुनाफे में बीते साल की तुलना में अच्छी बढ़त देखने को मिली है. जो इसके उत्पादों की बढ़ती मांग को दर्शाता है. आंकड़ों की बात करें तो, तीसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ करीब 90 फीसदी बढ़कर 416.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.
जबकि रेवेन्यू 42 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,343 करोड़ रुपये के आंकड़े पर पहुंचा है. इसी तरह EBITDA में भी 74 फीसदी की उछाल देखने को मिली है और यह 750 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. तिमाही नतीजों और बेहतरीन आंकड़ों के कारण आज इन शेयरों पर निवेशकों की नजर हो सकती है.
टाटा केमिकल्स शेयर
टाटा केमिकल्स ने अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने तमिलनाडु में एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए निवेश की योजना बनाई है. जिससे सप्लाई चेन को और मजबूत किया जाएगा.
इस प्रोजेक्ट के तहत कंपनी करीब 515 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. नया प्लांट रामनाथपुरम जिले के वलिनोक्कम में लगाया जाएगा. जहां आयोडीन युक्त वैक्यूम सॉल्ट ड्राइड (IVSD) का उत्पादन होगा. इस खबर के बाद आज कंपनी शेयरों में हलचल दिखने की उम्मीद है.
Bosch शेयर
ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी बॉश के तीसरी तिमाही के नतीजे जबरदस्त रहे हैं. पैसेंजर कार और ऑफ-हाइवे सेगमेंट में मांग बढ़ने का सीधा असर कंपनी की कमाई पर देखने को मिला है.
इस दौरान कंपनी की ऑपरेशंस से आय 9.4 प्रतिशत बढ़कर 4,885.6 करोड़ रुपये हो गई है. जबकि शुद्ध मुनाफा भी 16.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 532 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
IREDA शेयर
IREDA ने अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए पूंजी जुटाने का बड़ा फैसला लिया है. कंपनी के बोर्ड ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट के जरिए बड़े निवेशकों को नए शेयर जारी करने की मंजूरी दे दी है.
इस प्रक्रिया के तहत IREDA एक या एक से ज्यादा चरणों में अधिकतम 2,994 करोड़ रुपये जुटा सकती है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि शेयर जारी होने के बाद भी सरकार की हिस्सेदारी 3.76 फीसदी से ज्यादा नहीं घटेगी.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
यह भी पढ़ें: दिल थाम कर रखें! आइशर मोटर्स से लेकर बाटा इंडिया… अगले हफ्ते एक से बढ़कर एक कंपनियों के आएंगे Q3 results


