उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के रूप में चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की. नैनीताल जिले के हल्द्वानी में आयोजित इस विशाल रैली ने राजनीतिक दृष्टि से नया रिकॉर्ड कायम किया, जहां करीब एक लाख के आसपास लोगों की भीड़ उमड़ी. इसे अब तक की सबसे बड़ी रैलियों में से एक माना जा रहा है.
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हल्द्वानी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सीएम धामी ने गर्मजोशी से स्वागत किया. हेलिपैड पर दोनों नेताओं के बीच खास आत्मीयता देखने को मिली. सीएम धामी ने राजनाथ सिंह को पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी पहनाई और गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया. इसके बाद दोनों नेता साथ-साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जहां मंच पर भी उनकी शानदार केमिस्ट्री नजर आई.
धाकड़ के साथ धुरंधर भी हैं धामी: राजनाथ
रैली में भारी जनसैलाब उमड़ा, जो धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर जनता के उत्साह को दर्शाता है. लोग दूर-दूर से अपने नेता को सुनने पहुंचे थे. इस दौरान जनता से सीधे संवाद करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और इसमें सीएम धामी की बड़ी भूमिका है.
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा, ‘मैंने 2022 में कहा था कि हमारे ये धामी ‘धाकड़ धामी’ हैं, लेकिन आज मैं यह भी कहना चाहता हूं कि ये ‘धुरंधर धामी’ भी हैं.’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने चार वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आने वाले समय में यह विकास और तेज होगा. रक्षामंत्री ने आगे कहा कि धामी सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार देने के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि चार साल पूरे होने पर धामी ने “चौका” मारा है और छह साल पूरे होने तक “छक्का” भी जरूर लगाएंगे.
प्रदेश में विकास गति लगातार तेज हो रही: राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास की गति लगातार तेज हो रही है और सरकार की नीतियों का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को एक ऊर्जावान, दूरदर्शी और निर्णायक नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है.
सीएम धामी ने भी जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनसमर्थन उनकी सरकार की नीतियों और कार्यों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है.
हल्द्वानी की यह ऐतिहासिक रैली न सिर्फ जनसमर्थन का प्रदर्शन बनी, बल्कि इसने यह भी संकेत दे दिया कि आगामी समय में उत्तराखंड की राजनीति में सीएम धामी का कद और मजबूत होता जा रहा है.


