उत्तर प्रदेश के अमेठी में कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव पीठीपुर में गुरूवार को उस समय हड़कम्प मच गया, जब यहां एक घर में पीआरडी जवान बाबू राम कोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना का पता तब चला जब घर से आती दुर्गन्ध पड़ोसियों को आई. जब अंदर झांक कर देखा तो शव को कुत्ते नोच रहे थे. फौरन ही सूचना पुलिस को दी गयी. लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया.
बाबूराम घर में अकेले ही रहते थे, माता-पिता का निधन हो चुका है. जबकि बहनों की शादी हो चुकी है और खुद अविवाहित थे. पुलिस के मुताबिक परिजनों ने हत्या संबंधी कोई शिकायत नहीं की है,इसलिए शव सौंपकर अंतिम संस्कार करवा दिया है.
क्या है पूरा मामला ?
बाबू राम गांव में एक खंडहरनुमा कच्चे मकान में अकेले रहते थे. उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि दो बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है और वे बाहर रहती हैं. ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को बाबू राम को नशे की हालत में घर में जाते हुए देखा गया था. इसके बाद मंगलवार और बुधवार को वह किसी को दिखाई नहीं दिए. किसी ने ध्यान नहीं दिया क्योंकि वह अक्सर अकेले रहते थे.
गुरुवार को जब घर से असहनीय बदबू आने लगी तो पड़ोसियों ने घर के अंदर झांककर देखा. पड़ोसियों ने जब अंदर का नजारा देखा तो वह दंग रह गए. बाबू राम का शव जमीन पर पड़ा हुआ था. जबकि कुत्ता उनके चेहरे को नोच रहा था. यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला.
सूचना पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच
ग्रामीणों ने तत्काल इस घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दिया. डायल 112 की पुलिस ने इस घटना की जानकारी स्थानीय कोतवाली अमेठी के प्रभारी को दी. मौके पर पहुंची स्थानीय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और परिजनों से संपर्क किया.
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
पुलिस ने मृतक की बहन महुआइन से फोन पर संपर्क किया, जिसके बाद रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. ऐसे में मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है.
कोतवाली अमेठी प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है. सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. गुरुवार की शाम को ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया.


