नीतीश सरकार में बीजेपी कोटे के मंत्री लखेंद्र पासवान शुरू से ही जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पर हमलावर रहे हैं. वे सरकारी आवास से पंखा-फर्नीचर की चोरी का आरोप लगा चुके हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर इस बात की हुई चर्चा कि वे (तेज प्रताप) पिता बन गए हैं इस पर अब उन्होंने तेज प्रताप यादव को बधाई दी है.
‘अभी तो उनके लिए लड्डू खाने का समय’
विधानसभा परिसर में शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को लखेंद्र पासवान मीडिया से बात कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने इस पूरे चर्चे पर तेज प्रताप यादव को लेकर कहा, “मेरी शुभकामनाएं उनके साथ है. उनका पारिवारिक विवाद है. मैं इस पर बयान क्या दूं… अगर आपको लड्डू-मिठाई खाना है तो तेज प्रताप के यहां जाकर खा सकते हैं. स्पष्टीकरण पूछना है तो तेज प्रताप जी ही बताएंगे. अभी तो उनके (तेज प्रताप यादव) लिए लड्डू खाने का समय है.”
बता दें कि लखेंद्र पासवान को चुनाव के बाद वही आवास आवंटित हुआ था जिसमें तेज प्रताप यादव रहते थे. तेज प्रताप को जब यह घर खाली करना पड़ा और लखेंद्र पासवान रहने के लिए गए तो उन्होंने यह कहा था कि यहां से कई सामान गायब हैं. कुर्सी, फर्नीचर, एसी, बल्ब सहित कई सरकारी सामान नहीं हैं. हालांकि इस पर तेज प्रताप यादव ने भी पलटवार किया था.
जीतन राम मांझी भी दे चुके हैं बधाई
लखेंद्र पासवान से पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी तेज प्रताप यादव को एक्स पर पोस्ट करते हुए बधाई दे दी थी. लिखा था, “घर में लक्ष्मी आगमन के लिए पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव जी एवं अनुष्का को बधाई एवं शुभकामनाएं. आप तीनों पर ईश्वर की कृपा बनी रहे यही कामना है. पुन: ढेरों शुभकामनाएं.” हालांकि बाद में मांझी ने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया था.
तेज प्रताप को भले बधाई मिल रही हो लेकिन वे इन बातों को खारिज कर चुके हैं. उनका कहना है कि अनुष्का से उनका कोई संबंध नहीं है. उधर अनुष्का के भाई आकाश यादव ने मीडिया के सामने इसकी पुष्टि की है कि वह मामा बने हैं. घर में भांजी आई है. उसका नाम उज्जैनी है. उन्होंने बच्ची के पिता का नाम खुलकर नहीं बताया है.
यह भी पढ़ें- JDU का लालू-राबड़ी पर निशाना, नीतीश कुमार की पार्टी बोली- ‘जंगल का जो जानवर है…’


